हरियाणा न्यूज़: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को अपनी निजी हार बताया और कहा कि जनता को जनादेश स्वीकार है। दास ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी ने पिछले पांच साल में प्रदेश के गांव-गांव तक विकास की गंगा पहुंचाने का काम किया है। जनता के जनादेश का सम्मान करते हुए उनका आभार व्यक्त करता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नहीं बल्कि उनकी हार है। हालांकि जब तक पूरे परिणाम नहीं आ जाते तबतक उम्मीद बरकरार है। उन्होंने जमशेदपुर पूर्वी सीट पर अपने संभावित हार को लेकर पूछे गये एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि अभी तीन चक्र और करीब एक लाख मतों की गणना बाकी है। उन्हें भरोसा है कि वह आसानी से जीत दर्ज करेंगे।
इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्क्ष अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘हम झारखंड के लोगों द्वारा दिए गए जनादेश का सम्मान करते हैं। हम उन्हें 5 साल तक हमें सेवा देने का अवसर देने के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त करते हैं। भाजपा राज्य में निरंतर विकास के लिए प्रतिबद्ध है।’
झारखंड में आज हो रही मतगणना के रुझान में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का महागठबंधन 46 सीटों पर बढ़त बनाकर सरकार बनाने की स्थिति में नजर आ रही है। राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, झारखंड विधानसभा की 81 सीटों के लिए हो रही मतगणना में शाम सात बजे तक तक झामुमो 30 और उसकी सहयोगी कांग्रेस 15 तथा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) 01 सीटों पर आगे है।
वहीं, बीजेपी 25, झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) 03, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) 03 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) 01, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) एक और निर्दलीय ने दो सीट पर बढ़त बनाई है। अब तक केवल 22 सीटों का परिणाम सामने आया है, जिसमें आजसू को एक, बीजेपी को नौ, कांग्रेस को 4 और जेएमएम को 8 सीटों पर जीत मिली है।