हरियाणा न्यूज: प्रदेश में आज निकाय चुनाव के लिए 8 बजे से मतदान शुरु हो जाएगा। आपको बता दें कि आज नगर निगम अंबाला, पंचकूला, सोनीपत, नगर परिषद रेवाड़ी एवं नगर पालिका सांपला, धाढूखेड़ा व उकलाना और सिरसा में वार्ड नं 29 के लिए उप चुनाव होंगे। वहीं, इस बार चुनाव के लिए कोरोना संक्रमित लोगों के लिए खास इंतजाम करते हुए आखिरी एक घंटा रिजर्व रखा गया है।
इसको लेकर हरियाणा चुनाव आयुक्त डॉ. दलीप सिंह ने बताया कि मतदान सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक होगा। मतदान का अंतिम एक घंटा कोविड के लक्षणों वाले मतदाताओं के लिए रखा गया है। कुल 137 वार्ड के लिए मेयर पद के लिए 56 और काउंसलर के पद के लिए 575 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चुनाव के लिए 11 हजार कर्मचारी लगाए गए हैं। कुल 893 पोलिंग बूथ हैं जिसमें 130 संवेदनशील और 145 अति संवेदनशील बूथ हैं जिनके लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि इस बार कोविड के मद्देनजर सभी पोलिंग बूथों पर मास्क, सैनिटाइजर, हाथ के दस्ताने और सुरक्षित शारीरिक दूरी का ध्यान रखा जाएगा। सारे स्टाफ को कोविड के मद्देनजर सचेत रहने की हिदायतें दी गई हैं। मतदाताओं की पोलिंग बूथ पर थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। सभी मतदाताओं को मत का प्रयोग करने से पहले डिस्पोजेबल दस्ताने भी मुहैया करवाए जाएंगे। उन्होंने मतदाताओं विशेषकर प्रथम बार वोट डालने वाले मतदाताओं, महिलाओं व युवाओं से विशेष अपील की है कि वे बढ़चढ़ कर मतदान करें।