हरियाणा न्यूज: कृषि कानून के विरोध में किसान दिल्ली में आंदोलन कर रहे हैं। कृषि कानून के विरोध में विद्यार्थियों ने आज सीडीएलयू में लोहड़ी का पर्व किसानों को समर्पित होकर मनाया। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के प्रांगण में कृषि कानून की प्रतियों का दहन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
विद्यार्थियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि सरकार कृषि कानून को लागू कर किसानों को खत्म करना चाहती है, जो उन्हें बर्दाश्त नहीं है। अगर सरकार कानून वापस नहीं लेती है, तो स्टूडेंट्स भी किसानों के समर्थन में दिल्ली रवाना होंगे। चौधरी देवी लाल यूनिवर्सिटी के छात्रों ने सुमित और कुसुम ने कहा कि आज उत्तर भारत के प्रसिद्ध त्यौहार लोहड़ी के मौके पर सरकार द्वारा पारित किये गए तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं और आज उसकी प्रतियों को लोहड़ी की अग्नि में जलाया है।
लोहड़ी का त्यौहार किसानों को समर्पित कर रहे हैं। छात्र छात्राओं का कहना है कि यदि ये कानून वापिस नहीं लिए जाते तो इसके लिए उन्हें अगर दिल्ली भी जाना पड़ा तो वो लोग किसानों के समर्थन में दिल्ली भी जाएंगे।